वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीयों की मौत |
दक्षिणी वियतनाम में एक दर्दनाक नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट फू क्वोक द्वीप के पास होन मे रुट न्गोआई द्वीप से लौट रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर, यानी कुल 36 लोग सवार थे। स्पीडबोट होन मे रुट न्गोआई द्वीप से लगभग 400 मीटर दूर समुद्र में पलट गई, जिससे सभी लोग पानी में गिर गए।
21 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे की सूचना मिलते ही बॉर्डर गार्ड, नौसेना, कोस्ट गार्ड और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बचाव एजेंसियों के पहुंचने से पहले आसपास मौजूद नावों ने भी यात्रियों को समुद्र से निकालने में मदद की।
बचाव अभियान के दौरान 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट होन मे रुट से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट जा रही थी। इसी दौरान फू क्वोक हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर दूर समुद्र में नाव पलट गई।
फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
लोकप्रिय पर्यटन स्थल है फू क्वोक
फू क्वोक थाईलैंड की खाड़ी में स्थित वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप और प्रमुख पर्यटन स्थल है। इसके पास स्थित होन मे रुट द्वीप अपनी सफेद रेत, साफ समुद्र और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। हर साल यहां बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। दूतावास ने बताया कि वियतनाम और हनोई में हेल्पलाइन शुरू की गई है, जहां हादसे से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है। भारतीय दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।