ग्रेटर नोएडा में किसानों की महापंचायत |
ग्रेटर नोएडा: अपनी जमीन से जुड़े लंबित मामलों, उचित मुआवजे और दूसरी मांगों को लेकर शनिवार को किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर महापंचायत की।
किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किसान सुबह जनपथ गोलचक्कर से पैदल मार्च करते हुए प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। वहां बड़ी संख्या में किसानों ने पंचायत की, जिसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान किसान सभा, किसान एकता संघ और किसान परिषद के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
किसान नेता डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा कि साल 2023-24 के आंदोलन के बाद प्रशासन ने कई वादे किए थे, लेकिन अब तक जमीन और आबादी से जुड़े कई मामले हल नहीं हुए हैं।
उन्होंने बताया कि नोएडा में करीब 3,800, यीडा क्षेत्र में 800 और ग्रेटर नोएडा में 854 आबादी के मामले अभी भी लंबित हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि एक लाख से ज्यादा किसान अब तक अपने 10 प्रतिशत विकसित भूखंड के अधिकार से वंचित हैं। इस संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होकर शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।
महापंचायत में किसानों ने सर्किल रेट बढ़ाने और समय पर मुआवजा देने की मांग भी उठाई।
किसान नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।