Monday, June 15, 2026 06:17:18 PM

जेवर एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू
जेवर एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू, 172 किसानों ने भरी ऐतिहासिक उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट शुरू हुई। 172 किसानों ने पहली उड़ान में सफर किया और लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।

जेवर एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू 172 किसानों ने भरी ऐतिहासिक उड़ान
जेवर एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू |

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास में 15 जून 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया। सोमवार से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट संचालन की शुरुआत हो गई। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली कमर्शियल फ्लाइट उड़ान भरकर जेवर एयरपोर्ट पहुंची और सफलतापूर्वक लैंड हुई।

इस अवसर को खास बनाने के लिए एयरपोर्ट के निर्माण में अपनी जमीन देने वाले 172 किसानों को पहली उड़ान का हिस्सा बनाया गया। जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सभी किसान इसी विमान से लखनऊ रवाना हुए।

किसानों को दिया गया सम्मान

जेवर एयरपोर्ट के निर्माण में स्थानीय किसानों की जमीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी योगदान को सम्मान देने के लिए पहली कमर्शियल उड़ान में किसी बड़े वीआईपी के बजाय किसानों को यात्रा का अवसर दिया गया।

अपनी जमीन पर बने एयरपोर्ट से पहली बार हवाई यात्रा करना किसानों के लिए भावुक और गर्व का पल रहा। विमान में सफर करने वाले सभी 172 किसान लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी से करेंगे मुलाकात

लखनऊ पहुंचने के बाद किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। इस दौरान वे जेवर एयरपोर्ट परियोजना को सफल बनाने और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त करेंगे।

केंद्रीय मंत्री भी पहुंचे एयरपोर्ट

पहली कमर्शियल उड़ान के अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहली उड़ान के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं।

एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से विमान के स्वागत में 'वॉटर सैल्यूट' समेत कई विशेष इंतजाम किए गए। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कारोबारी और उद्यमी भी मौजूद रहे।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया ऐतिहासिक पल

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह दिन पूरे क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब से लोगों ने उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुना, तब से यह परियोजना एक बड़े सपने की तरह थी।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों को एयरपोर्ट परियोजना के लिए तैयार किया गया था, आज वही किसान पहली उड़ान का हिस्सा बन रहे हैं। यह पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है।

इंडिगो ने शुरू किया संचालन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IATA कोड: DXN) से मिली जानकारी के अनुसार, पहले दिन इंडिगो एयरलाइंस ने उड़ानों का संचालन शुरू किया। लखनऊ से विमान सुबह करीब 7:30 बजे रवाना हुआ और लगभग एक घंटे के सफर के बाद सुबह 8:05 बजे पहली बार जेवर एयरपोर्ट पर उतरा।

इसके बाद यही विमान 172 किसानों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुआ।

घरेलू उड़ानों को दी जाएगी प्राथमिकता

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों को प्राथमिकता दी जाएगी। 15 जून से लखनऊ और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें शुरू की गई हैं।

वहीं 16 जून से हैदराबाद, जम्मू और अमृतसर के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएंगी। आने वाले समय में बरेली, नवी मुंबई, श्रीनगर, जयपुर, धर्मशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून सहित कई अन्य शहरों को भी जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिलेगा बड़ा फायदा

देश के सबसे बड़े एविएशन प्रोजेक्ट्स में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। यह एयरपोर्ट इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एक प्रमुख विकल्प बनकर उभरेगा।

इसके साथ ही गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी क्षेत्र में विकास, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें