Monday, June 15, 2026 08:15:35 PM

नागपुर में CJP का प्रदर्शन
नागपुर में 16 जून को प्रदर्शन करेगी कॉकरोच जनता पार्टी, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग

कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 16 जून को नागपुर में प्रदर्शन का ऐलान किया है।

नागपुर में 16 जून को प्रदर्शन करेगी कॉकरोच जनता पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग
नागपुर में CJP का प्रदर्शन |

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 16 जून को नागपुर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में बताया कि वह 16 जून को नागपुर पहुंचेंगे। उन्होंने लोगों से शाम 4 बजे संविधान चौक पर एकत्र होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया है। पार्टी के अनुसार यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।

कॉकरोच जनता पार्टी पिछले महीने सामने आए नीट (यूजी) प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी का आरोप है कि इस मामले ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पार्टी नेताओं का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उनका मानना है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों के संबंध में सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

इन्हीं मांगों को लेकर नागपुर के संविधान चौक पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाएगा।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें