Friday, July 03, 2026 07:25:29 PM

एटीएस नोबिलिटी निवासियों ने उठाई सुविधाओं की मांग
एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी के हजारों निवासियों ने उठाई बुनियादी सुविधाओं की मांग, प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी के निवासियों ने अधूरी सड़क, खुले नाले, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था समेत बुनियादी सुविधाओं को लेकर जीएनआईडीए को ज्ञापन सौंपा।

एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी के हजारों निवासियों ने उठाई बुनियादी सुविधाओं की मांग प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन
एटीएस नोबिलिटी निवासियों ने उठाई सुविधाओं की मांग |

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी के हजारों निवासियों ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बुनियादी सुविधाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की है। इस संबंध में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इसमें अधूरी सड़क, खुले नाले, अवैध अतिक्रमण, कूड़ा-करकट और सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि एआईएमएस ग्रीन एवेन्यू, एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी और गोल्फ होम्स को जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क पिछले करीब दो साल से अधूरी पड़ी है। सड़क पर गड्ढे, टूटी सतह, धूल और निर्माण सामग्री के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं। चूंकि यह सड़क कई सोसायटियों के हजारों लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है, इसलिए निवासियों ने इसका निर्माण जल्द पूरा करने के साथ बेहतर जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षित फुटपाथ बनाने की भी मांग की है।

निवासियों ने सोसायटी के सामने बने खुले नाले को ढकने की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि नाले के आसपास जलभराव और झाड़ियों के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। साथ ही सांप और अन्य जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है। इसी जगह के पास स्कूल बस स्टॉप होने से बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। लोगों ने नाले की कवर्सिंग, झाड़ियों की सफाई और आसपास के क्षेत्र को हरित व व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित करने की मांग की है।

ज्ञापन में सोसायटी की बाहरी दीवार के पास अवैध दुकानें, फूड स्टॉल और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया। निवासियों का कहना है कि इससे ट्रैफिक प्रभावित होता है, गंदगी फैलती है और नालियां जाम रहती हैं। इसके अलावा खुले में शराब पीने, शोर-शराबा करने, अभद्र व्यवहार और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पेशाब जैसी घटनाओं से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती है।

लोगों ने यह भी बताया कि सोसायटी की बाहरी दीवार के दोनों ओर लंबे समय से कूड़ा और निर्माण मलबा जमा है। बरसात में इससे बदबू फैल रही है और मच्छरों के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने प्राधिकरण से कचरे का तुरंत निस्तारण, नियमित सफाई और भविष्य में दोबारा कचरा जमा न होने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

निवासियों ने प्राधिकरण से सभी समस्याओं को जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा मामला मानते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की अपील की है। साथ ही अवैध अतिक्रमण दोबारा न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था बनाने और पूरे क्षेत्र को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखने का अनुरोध भी किया है।

निवासियों ने उम्मीद जताई कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इन मांगों पर जल्द कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी और हजारों परिवारों को सुरक्षित व बेहतर वातावरण मिल सकेगा।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें