नोएडा एयरपोर्ट से अजमेर उड़ान शुरू |
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुरुवार को अजमेर के लिए भी विमान सेवा शुरू हो गई। फिलहाल इस रूट पर सप्ताह में तीन दिन उड़ानों का संचालन किया जाएगा। वहीं, शुक्रवार से नवी मुंबई के लिए भी उड़ानें शुरू होने के साथ एयरपोर्ट देश के कुल 16 शहरों से जुड़ जाएगा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार सुबह 5:50 बजे नोएडा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना हुई। इसके बाद सुबह 10:30 बजे पहली उड़ान अजमेर के लिए उड़ान भरी। वहीं, दोपहर करीब 1:05 बजे अजमेर से आने वाली पहली फ्लाइट नोएडा एयरपोर्ट पहुंची।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार से अकासा एयर नवी मुंबई के लिए भी अपनी सेवा शुरू करेगी। इसके बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 16 शहरों के लिए नियमित विमान सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी।
नोएडा एयरपोर्ट पर 15 जून से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो चुका है। इसके बाद लगातार नए शहरों को एयरपोर्ट से जोड़ा जा रहा है। हाल ही में नौ नए शहरों सहित कुल 14 शहरों के लिए उड़ानें शुरू की गई थीं।
उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही भी लगातार बढ़ रही है। इसका असर यमुना एक्सप्रेसवे पर भी दिखाई देने लगा है, जहां यातायात का दबाव बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष के अंत तक एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।