CJP प्रदर्शन पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला |
CJP के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना गलत है और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अब तक इस पूरे मामले पर चुप हैं। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वह प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों से मिलने जाएंगे। इससे पहले उन्होंने कई विपक्षी नेताओं के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर छात्रों से जुड़े मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग की।
राहुल गांधी ने बताया कि विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष से इस मुद्दे पर चर्चा कराने का आग्रह किया, जिस पर अध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए सरकार से बात करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ मारपीट की गई, लेकिन प्रधानमंत्री ने अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे युवा देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार, छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और विपक्ष भी लंबे समय से इन्हीं मुद्दों को उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस बल का इस्तेमाल बंद होना चाहिए।
राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए केवल शिक्षा मंत्री ही नहीं, बल्कि गृह मंत्रालय भी जिम्मेदार है। उनके मुताबिक, इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह की भी जिम्मेदारी बनती है और उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष छात्रों से जुड़े मुद्दों को संसद के भीतर और बाहर लगातार उठाता रहेगा।