पुलिस हिरासत में आरोपी पत्नी और उसका प्रेमी | पाठकराज
पाठकराज
सुलतानपुर। चांदा कोतवाली क्षेत्र के किंदीपुर बाजार में गुरुवार सुबह मिला सिर कटा शव पूरे जिले को दहला गया। पहले यह हत्या रहस्य बनी रही, लेकिन पुलिस जांच के बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मामला पति-पत्नी और प्रेमी के खतरनाक षड्यंत्र का निकला, जिसमें हवस और विश्वासघात ने मिलकर एक परिवार तबाह कर दिया।
बाजार गए, लौटे नहीं—मिली लाश
कयामुद्दीनपुर निवासी महेश कुमार गौतम (35) बुधवार शाम घर से बाजार में सामान लेने गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने किंदीपुर बाजार के पास सड़क किनारे महेश का सिर कटा शव देखा। देखते ही सनसनी फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई।
पत्नी और प्रेमी का खौफनाक षड्यंत्र
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महेश की पत्नी पूजा का अवैध संबंध पास के किराना दुकानदार से था। रिश्ते की आड़ में दोनों ने मिलकर महेश की हत्या की साजिश रची। बुधवार की रात पति को घर से बाहर बुलाकर उसकी गला रेतकर हत्या की गई और सिर धड़ से अलग कर दिया गया।
घड़ियाली आंसू और घटनास्थल पर मंडराता प्रेमी
सुबह शव मिलने के बाद पत्नी पूजा घड़ियाली आंसू बहाती रही। इधर, उसका प्रेमी भीड़ में शामिल होकर घटनास्थल के आसपास घूमता रहा, ताकि शक न हो। लेकिन पुलिस की पैनी नजर और जांच के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
भाई ने दर्ज कराया मुकदमा
मृतक के भाई गणेश कुमार गौतम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। चांदा पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को पकड़ लिया। पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा कि “कातिल किसी भी हाल में नहीं बचेंगे, उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”
बच्चों पर टूटा कहर
महेश की हत्या और पत्नी की गिरफ्तारी से परिवार पूरी तरह बिखर गया है। तीनों मासूम बच्चे—प्रिया, सुंदरी और समर—अब मां-बाप दोनों की छांव से वंचित हो गए हैं। पिता हमेशा के लिए दूर चले गए और मां अब हत्यारी साबित होकर सलाखों के पीछे है। गांव में लोग बार-बार यही सवाल कर रहे हैं कि “इन मासूमों का कसूर क्या था?”