सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव में विवाहिता निक्की की हत्या के मामले में जांच कर रही कासना कोतवाली पुलिस ने अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग को भेज दी है। इस रिपोर्ट में मुख्य आरोपी विपिन की मुठभेड़ में गिरफ्तारी, साथ ही आरोपी ससुर, सास और जेठ की गिरफ्तारी का विवरण शामिल है। पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अब तक की विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों का भी उल्लेख किया है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने रिपोर्ट प्राप्त होने की पुष्टि की है। वहीं, इस मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग भी सक्रिय है। आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजकर तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तलब की थी। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कानून के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
आरोपी पक्ष करेगा फुटेज संरक्षित रखने की मांग
उधर, आरोपी विपिन के परिजन की ओर से सिरसा टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। आरोपी के अधिवक्ता मनोज भाटी ने कहा कि पुलिस की जांच अभी चल रही है और वे उसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रारंभिक मेमो के अनुसार घटना सिलेंडर फटने से हुई थी, इसलिए इसे हत्या का मामला नहीं माना जा सकता।
विपिन के भाई रोहित के बारे में अधिवक्ता ने दावा किया कि घटना के समय वह टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहा था। ऐसे में टोल प्लाजा की फुटेज का संरक्षित रहना महत्वपूर्ण है, क्योंकि अधिकांश जगहों पर एक महीने बाद फुटेज स्वत: डिलीट हो जाती है।
डिजिटल साक्ष्य होंगे अहम
मामले में निक्की और उसकी बहन के मोबाइल से मिले साक्ष्य अहम बताए जा रहे हैं। इसके अलावा, जो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, उनकी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में जांच कराने की मांग की जाएगी। फिलहाल, आरोपी विपिन और उसके परिवारजन जेल में हैं।
पुलिस आगे करेगी जमानत का विरोध
पुलिस की ओर से केस डायरी और रिमांड के दौरान तैयार किए गए दस्तावेज कोर्ट में पेश होने के बाद आरोपी पक्ष जमानत अर्जी दाखिल करने की तैयारी कर रहा है। पुलिस का कहना है कि वह उपलब्ध साक्ष्यों और डिजिटल सबूतों के आधार पर अदालत में मजबूत पक्ष पेश करेगी।