सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। बेटे का जन्म न होने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में तैनात एक शख्स और उसकी मां पर अपनी बहू को जहरीला पदार्थ देकर मारने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस घटना में महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई अंकित तोमर द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना का पूरा विवरण
डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, मृतका रितु की शादी वर्ष 2014 में सोनू मलिक से हुई थी। रितु को दो बेटियां हुईं, जिनकी उम्र क्रमशः आठ और पांच वर्ष है। पीड़ित परिवार के अनुसार, पहली गर्भावस्था में रितु की सास और पति ने लिंग परीक्षण कराने के लिए दबाव डाला। पहली संतान बेटी होने के बाद भी बेटे की चाहत में रितु के गर्भ में पल रहे दूसरे बच्चे का लिंग परीक्षण कराया गया और दो बार गर्भपात करवाया गया। बेटे का जन्म न होने पर सोनू मलिक और उसकी सास रितु के साथ मारपीट करने लगे।
मौत से पहले का भयावह कॉल
23 सितंबर की शाम को रितु ने अपने भाई को फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और कहा गया कि “आज तेरी हत्या कर देंगे।” इसके बाद कॉल अचानक कट गया। अगले दिन, 24 सितंबर को परिवार जब ग्रेटर नोएडा के लखनावली स्थित किराए के मकान पर पहुंचा, तो पता चला कि रितु कैलाश अस्पताल में भर्ती थी और अस्पताल में उसकी मौत हो चुकी थी। अंकित तोमर ने आरोप लगाया कि सास शकुंतला और पति सोनू मलिक ने बेटे का जन्म न होने के कारण रितु को जहर खिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस विधिक कार्रवाई और जांच कर रही है।