Monday, March 16, 2026 11:26:24 AM

मर्डर मिस्ट्री ऑफ नोएडा रिवील्ड
पत्नी को वीडियो कॉल से परेशान करने पर चचेरे भाई की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में कारपेंटर की हत्या में चचेरे भाई ने अपनी पत्नी को परेशान करने के आरोप में हत्या कर दी।

पत्नी को वीडियो कॉल से परेशान करने पर चचेरे भाई की गला दबाकर हत्या आरोपी गिरफ्तार
हत्या का आरोपी गिरफ्तार | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 2 सितंबर को हुई कारपेंटर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मृतक के चचेरे भाई और मुख्य आरोपी इकरार सैफी उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी को लगातार वीडियो कॉल कर परेशान करने पर अपने ही भाई नसीम की गला दबाकर हत्या कर दी।

 

पैरामाउंट चौराहे से गिरफ्तारी

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बिसरख पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को पैरामाउंट चौराहे के पास से दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इकरार और मृतक नसीम दोनों चचेरे भाई थे और करीब 4 वर्षों से ऐमनाबाद गांव में अलग-अलग कमरों में किराए पर रहते हुए कारपेंटर का काम कर रहे थे। इस दौरान नसीम आरोपी की पत्नी को बार-बार अलग-अलग नंबरों से वीडियो कॉल करता था और गांव में भी उस पर गलत नजर रखता था। कई बार समझाने के बावजूद नसीम अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

 

गुस्से में किया कत्ल

घटना वाले दिन 2 सितंबर को आरोपी क्रिकेट खेल रहा था। तभी उसकी पत्नी का फोन आया कि नसीम अब भी उसे वीडियो कॉल कर रहा है। गुस्से में आकर इकरार ने नसीम को कॉल कर मैदान में बुलाया और दोनों बिजली घर के पास पहुंचे। यहां कहासुनी बढ़ी, आरोपी ने नसीम से मोबाइल मांगा लेकिन नसीम ने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई और इसी दौरान इकरार ने गला दबाकर नसीम की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पास की नाली में फेंक दिया ताकि वारदात छुपाई जा सके।

 

आरोपी के पास से मिले दस्तावेज

पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक का आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और बाइक की चाबी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और मामले की गहन जांच जारी है।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें