Sunday, March 15, 2026 07:13:31 PM

मौत के रहस्यमय परिस्थितियां
सेक्टर-134 गोलीकांड : दोस्त की बर्थडे पार्टी में घायल युवक की मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

नोएडा में एक बर्थडे पार्टी के दौरान युवक की गोली लगने से मौत हो गई। परिवार ने इसे हत्या बताया है, पुलिस जांच में जुटी।

सेक्टर-134 गोलीकांड  दोस्त की बर्थडे पार्टी में घायल युवक की मौत परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की फाइल फोटो | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में चार दिन पहले बर्थडे पार्टी के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पहले जहां इस मामले को आत्महत्या बताया जा रहा था, वहीं अब मृतक के परिवार ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस के मुताबिक, बुलंदशहर निवासी विक्रम ठाकुर (25) नोएडा की जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में किराए के फ्लैट पर दो दोस्तों के साथ रहता था। 30 अगस्त की रात उसके दोस्त आदर्श का बर्थडे था, जिसमें करीब 8 से 10 लोग शामिल हुए। पार्टी देर रात तक चली। इसी दौरान विक्रम कमरे में गया और अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब दोस्त अंदर पहुंचे तो वह खून से लथपथ था। गोली उसके सिर में लगी थी। तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

 

परिवार ने कहा – आत्महत्या नहीं, हत्या है

विक्रम के भाई रोहित ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें विक्रम के दोस्त आशु ने कॉल कर “खुद को गोली मारने” की जानकारी दी थी। लेकिन उनका कहना है कि विक्रम मानसिक रूप से इतना कमजोर नहीं था कि आत्महत्या कर ले। विक्रम ही घर की जिम्मेदारी उठा रहा था। पिता की मौत के बाद वह परिवार के लिए कैब चलाता था।

 

पुलिस जांच में नए पहलू

एसीपी सेकंड ट्विंकल जैन ने बताया कि पार्टी में शामिल युवकों से दोबारा पूछताछ की गई है। पूछताछ में सामने आया कि विक्रम का एक युवती से प्रेम प्रसंग था, लेकिन हाल ही में बातचीत बंद हो गई थी, जिससे वह तनाव में चल रहा था। हालांकि, परिवार ने इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने रोहित ठाकुर की शिकायत पर आईपीसी की धारा 109 (उकसाने) के तहत हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत हर एंगल से जांच कर रही है।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

पुलिस सोसाइटी के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। वहीं, दोस्तों से पूछताछ का सिलसिला भी जारी है। बुधवार देर शाम विक्रम का अंतिम संस्कार उसके गृह जनपद बुलंदशहर में किया गया। घर में उसकी मौत से मातम का माहौल है। परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें