Monday, July 13, 2026 10:15:54 PM

लम्भुआ पुलिस ने लुटेरा गैंग दबोचा
कट्टे के दम पर दंपत्तियों और महिलाओं को लूटने वाला गैंग गिरफ्तार, तीन सनसनीखेज लूटकांडों का खुलासा

सुलतानपुर पुलिस ने कट्टा दिखाकर दंपत्तियों और महिलाओं से लूट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। तीन लूटकांडों का खुलासा करते हुए आभूषण, मोबाइल, नकदी, तमंचा और बाइक बरामद की।

कट्टे के दम पर दंपत्तियों और महिलाओं को लूटने वाला गैंग गिरफ्तार तीन सनसनीखेज लूटकांडों का खुलासा
लम्भुआ पुलिस ने लुटेरा गैंग दबोचा |

उत्तर प्रदेश पुलिस के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुलतानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लम्भुआ थाना पुलिस ने कट्टे के बल पर दंपत्तियों और महिलाओं से लूटपाट करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर तीन अलग-अलग लूटकांडों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट, मोबाइल फोन, नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद की है।

दंपत्ति से लूट के मामले से खुली पूरी वारदात

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को थाना लम्भुआ क्षेत्र के ग्राम सोनवरसा के पास मोटरसाइकिल से जा रहे एक दंपत्ति को तीन बदमाशों ने कट्टा दिखाकर रोक लिया था। आरोपियों ने दंपत्ति से सोने की चेन, पर्स और वीवो मोबाइल फोन लूट लिया था। इस मामले में थाना लम्भुआ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी दबोचे गए

जांच के दौरान 13 जुलाई 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पिलखिनी तिराहे स्थित चरकहवा पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस, आशुतोष पाण्डेय और शिवा यादव, निवासी थाना कुड़वार, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई।

पूछताछ में दो और लूटकांडों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने 17 जून 2026 को पीपरपुर रेलवे स्टेशन के ट्रैक के पास दो महिलाओं से लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। इस मामले में जीआरपी सुलतानपुर में मुकदमा दर्ज है।

इसके अलावा आरोपियों ने मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के जाजूपुर गेट के पास एक महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

नई अपाचे बाइक से करते थे वारदात

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस ने करीब एक माह पहले नई अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। इसके बाद उसने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर गिरोह बनाया।

तीनों आरोपी तमंचा और कारतूस लेकर बाइक से सुनसान इलाकों में घूमते थे। वे दंपत्तियों और अकेली महिलाओं का पीछा करते, उन्हें रोककर हथियार के बल पर सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो जाते थे।

क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लम्भुआ थाना क्षेत्र की वारदात से संबंधित एक सोने की चेन, वीवो मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (UP-44-BX-8670) और 3,000 रुपये नकद बरामद किए।

इसके अलावा जीआरपी सुलतानपुर के मुकदमे से संबंधित एक सोने की चेन और 4,000 रुपये नकद, जबकि मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मामले से संबंधित एक सोने का लॉकेट और 3,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ लूट के मामलों के अलावा वर्ष 2024 में थाना कुड़वार में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, अवैध निरुद्ध करने और एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

वहीं, आशुतोष पाण्डेय और शिवा यादव के खिलाफ भी लम्भुआ, जीआरपी सुलतानपुर और मोतिगरपुर में लूट के तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक चन्द्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, मुख्य आरक्षी रंजीत सिंह, मुख्य आरक्षी शाहिद खान, आरक्षी अभिषेक कुमार और आरक्षी गजेन्द्र सिंह की टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें