Monday, July 13, 2026 07:57:38 PM

शिक्षा विभाग ने लगाए 43 लाख पौधे
35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान: यूपी के शिक्षा विभाग ने लगाए 43 लाख पौधे, हरित भविष्य का लिया संकल्प

यूपी के 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान में शिक्षा विभाग ने 43 लाख पौधे लगाए। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान यूपी के शिक्षा विभाग ने लगाए 43 लाख पौधे हरित भविष्य का लिया संकल्प
शिक्षा विभाग ने लगाए 43 लाख पौधे |

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए गए 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 में उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग ने उल्लेखनीय भागीदारी निभाई। अभियान के तहत बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में कुल 43 लाख पौधे लगाए गए। इसके साथ ही रोपे गए पौधों के संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया गया।

प्रदेशभर में आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सरकार का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सतत विकास की भावना विकसित करना भी है।

हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मिली नई ऊर्जा

शिक्षा विभाग की सक्रिय भागीदारी ने 'हरित उत्तर प्रदेश' के लक्ष्य को नई मजबूती दी। स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक एक साथ हुए पौधरोपण अभियान ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया। लाखों विद्यार्थियों की सहभागिता ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।

राज्य मुख्यालय पर भी हुआ पौधरोपण

'एक पेड़ मां के नाम' थीम के तहत लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड में माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल, अपर राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) वी.के. पांडेय, वृक्षारोपण अभियान की नोडल अधिकारी रीटा जोशी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने हरसिंगार, नाग चंपा, एरिका पाम और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

वहीं, एससीईआरटी, निशातगंज परिसर में निदेशक गणेश कुमार और संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बेसिक शिक्षा विभाग ने लगाए 12 लाख पौधे

बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 12 लाख पौधे लगाए गए। परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी), संकुलों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में व्यापक पौधरोपण किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों को जैव विविधता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व से भी अवगत कराया गया तथा पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया गया।

झांसी में नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण

अभियान की निगरानी के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की नोडल अधिकारी मोनिका रानी ने झांसी जिले का दौरा किया।

उन्होंने भगवन्तपुर वन ब्लॉक स्थित 'नंदन वन', कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टपरियन (बबीना) सहित विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया और पौधों के संरक्षण व जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने लगाए 11 लाख पौधे

माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 11 लाख पौधे लगाए गए। राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों सहित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसरों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।

उच्च शिक्षा विभाग रहा सबसे आगे

इस महाअभियान में उच्च शिक्षा विभाग ने सबसे अधिक 20 लाख पौधे लगाए। प्रदेश के विश्वविद्यालयों, राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी महाविद्यालयों सहित अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने परिसर को हरित बनाने के साथ-साथ रोपे गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्थायी अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें