स्कॉर्पियो में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव |
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस गश्त के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो से एक प्रॉपर्टी डीलर का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक चालक सीट पर अचेत अवस्था में मिला, जबकि उसके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
गश्त के दौरान मिली संदिग्ध स्कॉर्पियो
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात लेपर्ड टीम डेल्टा-3 के ओ ब्लॉक स्थित सर्विस रोड पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। वाहन की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं, लेकिन काफी देर तक उसमें कोई हलचल नजर नहीं आई।
जब पुलिसकर्मियों ने चालक को आवाज लगाई और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने वाहन का दरवाजा खोलकर देखा। चालक सीट पर एक युवक खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ा था। उसके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस घायल युवक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, रक्त के नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी गई है।
मिग्सन सोसायटी में किराये पर रहता था मृतक
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान शिवराज के रूप में हुई है, जो मिग्सन सोसायटी में किराये पर रहता था और प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था।
उन्होंने बताया कि मौके से एक अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। घटना हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।