जंतर-मंतर प्रदर्शन से नोएडा-दिल्ली बॉर्डर जाम |
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा-दिल्ली सीमाओं पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। सोमवार को नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पुलिस की सख्त निगरानी के चलते वाहन रेंगते नजर आए।
डीएनडी फ्लाईओवर, चिल्ला बॉर्डर समेत दिल्ली को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस अलर्ट मोड में रही। हर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की गई। इसके चलते डीएनडी फ्लाईओवर पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और दफ्तर जाने वाले लोगों समेत अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से कई वाहनों को रोककर पूछताछ की और जांच के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी। सख्त चेकिंग और सुरक्षा इंतजामों के कारण सामान्य दिनों की तुलना में ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही।
वाहन चालकों का कहना है कि जिस रास्ते को तय करने में आमतौर पर 10 से 15 मिनट लगते हैं, वहां सोमवार को घंटों का समय लग गया। पुलिस की जांच प्रक्रिया के कारण लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि नोएडा एसीपी-2 मयंक तिवारी के नेतृत्व में फेस-1 थाना पुलिस और दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर इलाकों में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और लोगों की गहन जांच की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी जारी है।