भारतीय जनतां पार्टी के कार्यक्रमों का जागरूकता प्रचार |
गौतमबुद्ध नगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर इकाई ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क, सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान धार्मिक स्थलों पर प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, पौधारोपण किया गया तथा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर सरकार की उपलब्धियों एवं विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की गई।
दुजाना स्थित दादी शक्ति मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में देश ने आधारभूत ढांचे, डिजिटल सेवाओं, सामाजिक कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उधर दनकौर स्थित गुरु द्रोणाचार्य मंदिर में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने स्थानीय नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने जनभागीदारी को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रमों के तहत प्रधानमंत्री के आह्वान पर चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को भी आगे बढ़ाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वच्छता और हरित वातावरण को लेकर भी संदेश दिया गया।
आयोजित संवाद कार्यक्रमों में विकसित भारत के विजन, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा जैसे विषय प्रमुख रूप से चर्चा में रहे। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सरदीप नागर, हरेंद्र नागर, महेंद्र नागर, गजेंद्र वाल्मीकि, कर्मवीर आर्य, संदीप शर्मा, पंकज शर्मा, सोमेंद्र प्रमुख, मोजीराम नागर, राकेश शर्मा, सचिन नागर, अजब सिंह नागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को लेकर उत्साह देखने को मिला। उपस्थित नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि देश आने वाले समय में विकास और आर्थिक प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।