Tuesday, March 10, 2026 02:48:39 PM

रामलीला का आगाज नोएडा में
नोएडा में आज से चार प्रमुख स्थानों पर रामलीलाओं का शुभारंभ भव्य मंच और सजावट, सांसद और विधायक रहेंगे मुख्य अतिथि

नोएडा में विभिन्न स्थानों पर रामलीला का मंचन शुरू हुआ, जिसमें कई धार्मिक प्रसंग मंचित किए जाएंगे। गणेश वंदना के साथ आयोजन की शुरुआत होगी।

नोएडा में आज से चार प्रमुख स्थानों पर रामलीलाओं का शुभारंभ
भव्य मंच और सजावट सांसद और विधायक रहेंगे मुख्य अतिथि
फाइल फोटो | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। शहर में शारदीय नवरात्रि के साथ ही रामलीला मंचन का आगाज हो रहा है। सोमवार शाम से चार प्रमुख स्थानों पर रामलीलाओं की शुरुआत होगी। इसके लिए सभी रामलीला मैदानों में मंच बनकर तैयार हो चुके हैं और कलाकारों ने अभ्यास तेज कर दिया है। आयोजन समितियों ने बताया कि पहले दिन सभी मंचों पर गणेश वंदना के बाद रामायण के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।

 

सेक्टर-21 नोएडा स्टेडियम

नोएडा स्टेडियम में श्री सनातन धर्म रामलीला समिति द्वारा भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का शुभारंभ शाम 7 बजे गणेश वंदना से होगा। इसके बाद नारद मोह का प्रसंग मंचित किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि रहेंगे। समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि मंचन के लिए दो मंजिला महल तैयार किया गया है और पहले दिन से ही दर्शकों को भव्य झलक देखने को मिलेगी।

 

सेक्टर-62 सी ब्लॉक

सेक्टर-62 सी ब्लॉक के रामलीला मैदान में श्री राम मित्र मंडल द्वारा रामलीला आयोजित की जा रही है। शाम 7 बजे गणेश वंदना के बाद भगवान शिव द्वारा माता पार्वती को कथा सुनाने का प्रसंग प्रस्तुत होगा। इसके बाद राक्षसों द्वारा पृथ्वी पर अत्याचार का दृश्य मंचित होगा। समिति के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सभी कलाकार सेक्टर-55 के सामुदायिक केंद्र में अभ्यास कर रहे हैं। यहां के मुख्य अतिथि विधायक पंकज सिंह होंगे।

 

सेक्टर-107 महर्षि आश्रम

सेक्टर-107 स्थित महर्षि आश्रम में भी रामलीला की तैयारी पूरी हो चुकी है। सोमवार को गणेश वंदना और गुरु पूजा के बाद रामलीला का शुभारंभ होगा। महर्षि स्थान द्वारा आयोजित इस रामलीला में पहले दिन रामजन्म का भव्य मंचन, फिर ताड़का वध और मारीच-सुबाहु वध का प्रसंग दिखाया जाएगा। समिति के वरिष्ठ प्रबंधक शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि परंपरागत विधि-विधान के साथ मंचन होगा।

 

सेक्टर-46 मैदान

सेक्टर-46 में श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी द्वारा रामलीला आयोजित की जा रही है। सोमवार को गणेश पूजा के बाद दशरथ-संभ्रासुर युद्ध, कैकई द्वारा दशरथ की प्राण रक्षा, दशरथ द्वारा दो वरदान देने का वचन और पुत्रेष्ठि यज्ञ का प्रसंग मंचित होगा। समिति के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल और मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने बताया कि मंच सजावट पूरी तरह तैयार है।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें