गृहमंत्री अमित शाह के साथ भोजपुरी अभिनेता व गायक पवन सिंह | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा (नेशनल डेस्क)। भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा बयान जारी कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए पवन सिंह ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं की थी, और न ही उनकी कोई चुनाव लड़ने की इच्छा है।
सोशल मीडिया पर साझा किया बयान
पवन सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक फोटो साझा करते हुए लिखा —
“मैं, पवन सिंह, अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूँ कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और न ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है।
मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूँ और रहूँगा।”
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है।
हाल के दिनों में बढ़ी थी पवन सिंह की राजनीतिक सक्रियता
हाल ही में पवन सिंह कई राजनीतिक आयोजनों में नजर आए थे, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से प्रत्याशी के रूप में उतर सकते हैं। हालांकि, इस बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वह संगठन और पार्टी प्रचार स्तर पर सक्रिय रहेंगे, लेकिन चुनावी राजनीति में उतरने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
भोजपुरी समाज में लोकप्रिय चेहरा
भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह न सिर्फ अपनी गायकी और फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, बल्कि भोजपुरी भाषी समाज में उनकी राजनैतिक पकड़ और लोकप्रियता भी मजबूत है। हालांकि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान वह भाजपा के खिलाफ निर्दलिय उम्मीद्वार के रूप चुनाव लड़ा था। इसके साथ ही सार्वजनिक रूप से सभाओं और प्रचार अभियानों में भाजपा के खिलाफ सक्रिय रहे थे।