Monday, March 16, 2026 11:25:56 AM

विवादास्पद सड़क घटना वायरल
ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसे पर हंगामा: महिला ने युवक को घसीटा, वीडियो वायरल

ग्रेटर नोएडा में एक महिला ने सड़क दुर्घटना के बाद एक युवक को उसके बालों से पकड़कर घसीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रेटर नोएडा। सड़क पर होने वाले छोटे-मोटे एक्सीडेंट अक्सर विवाद का रूप ले लेते हैं। कई बार लोग इतने आक्रामक हो जाते हैं कि मामला हाथापाई तक पहुँच जाता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला एक्सीडेंट को लेकर एक युवक को सड़क पर बाल पकड़कर घसीटती हुई दिखाई दे रही है। यह घटना ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर गोलचक्कर के पास की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला गुस्से से तमतमाई हुई युवक को पकड़ती है और फिर उसके बालों से पकड़कर सड़क पर घसीटने लगती है। इस दौरान युवक जमीन पर पड़ा नजर आता है, जबकि महिला बिना किसी डर के उसे घसीटती जाती है।

 

तमाशबीन बने लोग

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग इस विवाद को शांत कराने के बजाय मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में जुटे रहे। किसी ने भी बीच-बचाव करने या झगड़े को रोकने की कोशिश नहीं की। लगभग 21 सेकंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएँ

यह वीडियो X (पूर्व ट्विटर) पर @ShoneeKapoor नामक यूजर ने साझा किया। उन्होंने लिखा— “नोएडा में स्कूटर दुर्घटना के बाद एक महिला एक आदमी को उसके बालों से घसीटती हुई दिखाई दे रही है। फिर से, वहां खड़े लोग वीडियो बनाने में व्यस्त हैं।” वीडियो को अब तक 1 लाख से ज्यादा व्यूज और 1,500 से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। करीब 90 यूजर्स ने कमेंट्स कर अपनी राय दी है।कई लोगों ने महिला की हरकत को गलत बताया, वहीं कुछ ने युवक पर भी सवाल उठाए कि उसने आत्मसम्मान के लिए उठकर प्रतिरोध क्यों नहीं किया। एक यूजर ने लिखा— “लोगों को सिर्फ वीडियो बनानी है, मदद करने क्यों आएंगे।” दूसरे ने कहा— “यह सच में बेहद अपमानजनक दृश्य है।”

 

पुलिस की जांच और सामाजिक चिंता

फिलहाल वीडियो में एक्सीडेंट का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन इस तरह के मामले समाज के लिए चिंता का विषय हैं, जहाँ कानून और पुलिस पर छोड़ने के बजाय लोग खुद फैसले लेने पर उतर आते हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे हालात में भीड़ के दर्शक बन जाने से हिंसक घटनाएँ और बढ़ जाती हैं।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें