Friday, July 11, 2025 06:00:16 PM

नोएडा में कांवड़ यात्रा 2025 के लिए तैयारी
कांवड़ यात्रा 2025: नोएडा से हरिद्वार के लिए चलेंगी स्पेशल बसें, श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम

नोएडा परिवहन निगम ने कांवड़ यात्रा 2025 के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू की। महिला और बुजुर्ग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएँ और शराब पीकर ड्यूटी पर सख्ती।

कांवड़ यात्रा 2025 नोएडा से हरिद्वार के लिए चलेंगी स्पेशल बसें श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
नोएडा डिपो | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। आगामी कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर नोएडा परिवहन निगम ने कमर कस ली है। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हरिद्वार जाने के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा नोएडा के मोरना डिपो से संचालित होगी, जो रोज सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

नोएडा डिपो प्रशासन ने बताया कि हर 30 मिनट पर बसें रवाना होंगी, जिससे श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार न करना पड़े। कुल 40 बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें से 10 बसों को रिजर्व में रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इन्हें तुरंत सेवा में लाया जाएगा।

 

महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं

बसों में महिला यात्रियों और बुजुर्गों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कंडक्टर यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी भी लेंगे, जिससे किसी को जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार समय पर दिया जा सके।

 

ड्राइवर-कंडक्टर की निगरानी पर सख्ती, शराब पीकर बस चलाने पर होगी कार्रवाई

नोएडा डिपो के एआरएम रोहताश सिंह ने बताया कि डिपो परिसर में एक कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। ड्राइवर और कंडक्टरों पर ब्रीथ एनालाइज़र के जरिए निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर ड्यूटी करने की कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

12 फीट से बड़ी कांवड़ और नुकीले हथियारों पर रोक

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कुछ नियम भी लागू किए गए हैं। परिवहन विभाग के अनुसार 12 फीट से बड़ी कांवड़ बसों में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। भाले, त्रिशूल या अन्य नुकीली वस्तुएं लेकर यात्रा करना प्रतिबंधित रहेगा। एआरएम रोहताश सिंह ने बताया, “इस समय कम संख्या में कांवड़ यात्री हैं, लेकिन जैसे-जैसे तादाद बढ़ेगी, हमारी तैयारियां पूरी हैं। सभी श्रद्धालुओं को बस सेवा समय से और सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।”


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें