सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। लंबे समय से प्रतीक्षित सेक्टर-52 (दिल्ली मेट्रो ब्लू लाइन) और सेक्टर-51 (नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन) को जोड़ने वाला वातानुकूलित स्काईवॉक आगामी 2 अक्टूबर से यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से यात्रियों को अब स्टेशन से बाहर निकले बिना दोनों मेट्रो लाइनों के बीच आसानी से सफर करने की सुविधा मिलेगी।
अब तक करनी पड़ती थी मशक्कत
अभी तक ब्लू लाइन और एक्वा लाइन के यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलकर अस्थायी पैदल मार्ग या ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ता था। इससे न केवल अतिरिक्त समय और खर्च होता था, बल्कि रोजाना हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता था।
स्काईवॉक की खासियत
-
लंबाई: 420 मीटर, चौड़ाई: 5 मीटर
-
पूरी तरह से वातानुकूलित
-
इसमें ट्रैवेलटर (मूविंग वॉकवे) और लिफ्ट की सुविधा
-
ट्रैवेलटर की गति: 0.5 मीटर प्रति सेकंड
-
निर्माण पर खर्च: 40 करोड़
यह स्काईवॉक यात्रियों को दोनों मेट्रो नेटवर्क के बीच सीधे जोड़ेगा और बार-बार टिकट निकालने की झंझट से भी राहत दिलाएगा।
क्यों हुई देरी?
इस प्रोजेक्ट का काम मार्च 2023 में शुरू हुआ था, जिसे मूल रूप से एक साल में पूरा होना था। लेकिन डिजाइन बदलने और ढांचे को एक खंभे की जगह दो खंभों पर बनाने का निर्णय लेने के कारण कई बार समयसीमा बढ़ी। पहले के टिन शेड वाले 300 मीटर लंबे पैदल मार्ग को हटाकर यह नया स्काईवॉक बनाया गया है।
एनएमआरसी की तैयारी
एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कर्मचारियों को 30 सितंबर तक शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद 2 अक्टूबर को इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।