सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को जिले में डेंगू के 23 नए मामलों की पुष्टि हुई, जिसके बाद संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 153 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नियंत्रण और रोकथाम के उपाय कर रही है, लेकिन संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए संक्रमितों में से पांच मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है, जबकि बाकी मरीजों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया है, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लग सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय
मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों से लगातार फोन पर संपर्क बनाए हुए हैं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रही हैं। प्रभावित इलाकों में निरीक्षण और लार्वा नष्ट करने का अभियान भी तेज़ी से चलाया जा रहा है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि घरों और आस-पास कहीं भी पानी जमा न होने दें। छतों, गमलों, कूलरों और टंकियों में जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का प्रमुख कारण बनता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि थोड़ी सी लापरवाही भी संक्रमण को तेजी से बढ़ा सकती है। डेंगू के मामलों में लगातार इजाफा होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है और विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें और रोकथाम के उपायों में सहयोग करें।