डूब क्षेत्रों में भरा पानी | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। लगातार हो रही भारी बारिश और यमुना व हिंडन नदियों के बढ़ते जलस्तर ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हाहाकार मचा दिया है। अब तक 43 गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इनमें सदर तहसील के 12, दादरी तहसील के 6 और जेवर तहसील के 25 गांव शामिल हैं। जेवर के गांवों में तो किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। खेत जलमग्न होने से ग्रामीणों की मेहनत पर पानी फिर गया है और अब गांवों में महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
अब तक 3800 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अतुल कुमार ने बताया कि अब तक 3800 लोगों को डूब क्षेत्र से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें से 2637 लोग बाढ़ शरणालयों में रह रहे हैं। सभी के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बनाई 6 टीमें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में छह स्वास्थ्य टीमें गठित की हैं। सभी टीमों को विभिन्न शिविरों में तैनात किया गया है। साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष में डॉक्टरों को शिफ्टवार ड्यूटी सौंपी गई है। आश्रय स्थलों में निःशुल्क सर्पदंश के टीके भी उपलब्ध कराए गए हैं।
420 सुरक्षा किट वितरित, मवेशियों के लिए भी व्यवस्था
प्रशासन ने राहत सामग्री के रूप में 420 सुरक्षा किट (सदर तहसील में 260 और दादरी में 160) वितरित की हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों के मवेशियों को बचाने के लिए सेक्टर-135 की ग्रीन बेल्ट में पशु शिविर स्थापित किया गया है, जहां 1471 मवेशियों को सुरक्षित पहुंचाया गया है।
24 घंटे सक्रिय बाढ़ नियंत्रण कक्ष
जिले का बाढ़ नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय है। मदद के लिए तीन नंबर जारी किए गए हैं—
0120-2978231
0120-2978232
0120-2978233
यहां तीन शिफ्टों में कर्मचारी तैनात हैं।
एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटीं
राहत व बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं। इनमें एक टीम जेवर तहसील के महमूदपुर में और दूसरी टीम सदर तहसील के सेक्टर-150 में कार्यरत है। इसके अलावा थाना दनकौर क्षेत्र के मुर्शिदाबाद में पीएसओ 44 बटालियन की एक टीम और सेक्टर-151 में अग्निशमन विभाग की एक टीम लगातार निगरानी कर रही है।
19 बाढ़ चौकियां सक्रिय
जिले में कुल 19 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जिनमें सदर तहसील में 6, दादरी तहसील में 8 और जेवर तहसील में 5 चौकियां शामिल हैं। सभी चौकियों पर तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है।
15 बड़े राहत शिविर बनाए गए
प्रशासन ने विस्थापित लोगों के लिए 15 बड़े राहत शिविर स्थापित किए हैं। इनमें दादरी तहसील में 8, सदर में 6 और जेवर तहसील में 1 शिविर संचालित है। इन शिविरों में पेयजल, साफ-सफाई, भोजन और पशुओं के लिए चारे की विशेष व्यवस्था की गई है।