जेवर में कार्रवाई करता प्राधिकरण | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम पर जेवर और उसके आसपास तेजी से काटी जा रही अवैध कॉलोनियों पर शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की। सुबह से ही प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई गांवों में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान सहाबनगर, डूढेरा और गोपालगढ़ गांवों में आधा दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियों को ढहा दिया गया।
नोटिस का नहीं हुआ असर
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ने के कारण कई कॉलोनाइजर अधिसूचित भूमि पर अवैध तरीके से कॉलोनियां काट रहे थे। इन कॉलोनियों में बिना नक्शा पास कराए प्लॉट बेचे जा रहे थे। प्राधिकरण की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कॉलोनाइजरों ने आदेशों की अनदेखी की।
ओएसडी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई
शुक्रवार सुबह यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर सतर्कता
अधिकारियों ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट राष्ट्रीय महत्व का है। एयरपोर्ट के आसपास किसी भी तरह का अवैध कब्जा या कॉलोनी काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों को आगाह किया है कि वे बिना अनुमति वाले प्लॉट न खरीदें, वरना उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।