विभिन्न सेक्टरों का दौरा करते एम लोकेश | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न सेक्टरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ हिंडन नदी पर बन रहे पुल और अप्रोच रोड का जायजा लिया और निर्देश दिए कि सभी अधूरे कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं।
सीईओ के साथ उप महाप्रबंधक (सिविल) विजय रावल और सेक्टर-9 व 10 की पूरी टीम मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पाया कि सेक्टर-93 और 135 में अंडरपास निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। उन्होंने तुरंत जल-सीवर विभाग को कारणों की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, सेक्टर-93 के पास एक्सप्रेसवे पर अप्रोच रोड चौड़ीकरण के भी आदेश दिए गए।
अधूरे सड़क कार्यों पर नाराज़गी
सेक्टर-164 के निरीक्षण में कई सड़क कार्य अधूरे पाए गए। इस पर सीईओ ने सभी लंबित कार्यों को तत्काल पूरा करने के लिए सख्त निर्देश दिए। वहीं, सेक्टर-166 और 163 की सड़क योजना पुनः तैयार कर कार्य कराने को कहा गया। नियोजन विभाग को सेक्टर-166 के औद्योगिक भूखंडों का नियमितीकरण करने के भी आदेश दिए गए।
सेक्टर-168 में बनेगा पंप हाउस
निरीक्षण के दौरान सेक्टर-168 में यह समस्या सामने आई कि हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने पर स्टॉर्म गेट बंद हो जाते हैं, जिससे जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इस पर सीईओ ने पंप हाउस बनाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में पानी भराव से लोगों को राहत मिल सके।
पुल और अंडरपास कार्य पर जोर
इसके बाद सीईओ ने सेक्टर-146 और 147 के पास हिंडन नदी पर बन रहे पुल और अप्रोच रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के साथ समन्वय स्थापित कर पुल और अप्रोच रोड का कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही, सीईओ ने सेक्टर-135 के अंडरपास में जलभराव रोकने के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को भविष्य में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।