बचाव कार्य में जुटे सेना के जवान | पाठकराज
पाठकराज
नई दिल्ली। पूर्वोत्तर भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही भारी बारिश और बाढ़ ने कहर बरपा दिया है। मणिपुर, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और असम समेत कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक 32 लोगों की मौत, दर्जनों घायल और हजारों परिवार प्रभावित हो चुके हैं। केंद्रीय और राज्य सरकारें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
मणिपुर: 19 हजार से अधिक लोग प्रभावित, 31 राहत शिविर बनाए गए
मणिपुर में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आई बाढ़ ने सबसे ज्यादा इंफाल पूर्वी और सेनापति जिलों को प्रभावित किया है। बाढ़ से अब तक 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और 19,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 31 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां बाढ़ पीड़ितों को अस्थाई आवास, भोजन और चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
सिक्किम: फंसे पर्यटकों को निकाला गया, कई मौतें
सिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सैकड़ों पर्यटक लाचुंग और आसपास के इलाकों में फंस गए थे। स्थानीय पुलिस, वन विभाग, होटल एसोसिएशन और स्वयंसेवकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अब तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कई घायल हैं। फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
अरुणाचल प्रदेश: वायुसेना का रेस्क्यू ऑपरेशन, 14 लोगों को बचाया गया
अरुणाचल प्रदेश की निचली दिबांग घाटी में बोमजीर नदी में फंसे 14 लोगों को भारतीय वायु सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। गुवाहाटी स्थित रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, सेना और राज्य प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से यह मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान (HADR) चलाया गया। वहीं, सेप्पा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाढ़ के कारण सात लोगों की मौत हो चुकी है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने की स्थिति की समीक्षा
गृह मंत्री अमित शाह ने असम, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात कर स्थिति की समीक्षा की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने केंद्र से NDRF और SDRF की टीमें तैनात करने के निर्देश भी दिए हैं।
आईएमडी की चेतावनी: 6 जून तक भारी बारिश की आशंका
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 6 जून तक पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। विशेषकर अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और मणिपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।