सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा – रबूपुरा थाना क्षेत्र
थाना रबूपुरा प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मोहल्ला शहीद नगर निवासी 35 वर्षीय इस्तकार, जो इन्वर्टर-बैटरी मैकेनिक था, मंगलवार देर शाम तिरथली गांव जा रहा था। इसी दौरान रबूपुरा-जेवर मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल इस्तकार को जेवर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा – जेवर थाना क्षेत्र
थाना जेवर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बुलंदशहर निवासी बबलू अपनी पत्नी के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। जहांगीरपुर स्थित इंडियन गैस एजेंसी के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बबलू की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे कैलाश अस्पताल जेवर में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार तड़के इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
तीसरा हादसा – दनकौर थाना क्षेत्र
थाना दनकौर प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह के अनुसार ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक टेम्पो को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बुलंदशहर निवासी प्रकाशु देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि हादसे में उनका 17 वर्षीय बेटा विकास मौके पर ही मौत का शिकार हो गया, जबकि टेम्पो में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।
लापरवाह ड्राइविंग बनी कारण
इन तीनों घटनाओं में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मुख्य कारण बताया जा रहा है। हादसों ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।