Monday, March 16, 2026 11:25:56 AM

ग्रेटर नोएडा में भीषण आग
पेपर स्ट्रॉ बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग, घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार स्थित कंपनी में आग लगने से भारी नुकसान, जनहानि की कोई खबर नहीं।

ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र में स्थित एक कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। यह घटना उद्योग विहार में स्थित एक कंपनी की है। यह आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस बड़े अग्निकांड में किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार, यह कंपनी मुख्य रूप से पेपर के फ्रूटी पाइप यानी स्ट्रॉ बनाने का काम करती थी। आग लगने की सूचना मिलते दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची।

 

आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल की 15 गाड़ियां

सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना उन्हें देर रात करीब 3:00 बजे मिली थी। चूंकि उन्हें सूचना मिलने में देरी हो गई थी। आग तब तक कंपनी के एक बड़े हिस्से में फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में आग बुझाने के लिए कुछ ही गाड़ियों को भेजा गया था। लेकिन बाद में आग की भयावहता को देखते हुए आसपास से करीब 15 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आग लगने के समय कंपनी के अंदर कोई भी व्यक्ति फंसा हुआ नहीं था।

 

लाखों का सामान जलकर हुआ राख

आग लगने के कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक आकलन के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। कंपनी में पेपर (कागज) जैसा ज्वलनशील पदार्थ बड़े पैमाने पर मौजूद थे, इसलिए आग तेजी से फैली और नियंत्रण से बाहर हो गई। इस भीषण अग्निकांड में कंपनी में रखा लाखों रुपये का कच्चा माल और तैयार उत्पाद जलकर राख हो गया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम अब आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें