नोएडा। सेक्टर-107 स्थित सन वर्ल्ड सोसाइटी में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों और धुएं ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना पाकर थाना सेक्टर-39 पुलिस और फायर विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
फायर अधिकारियों के अनुसार आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग भड़क सकती है। हालांकि विभाग ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आग लगने से सोसाइटी में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग इमारत से सुरक्षित बाहर निकल आए। मौके पर स्थिति अब नियंत्रण में है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटना सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। फायर विभाग और पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।