Sunday, March 15, 2026 06:09:00 PM

डेंगू का प्रकोप नोएडा में बढ़ा
नोएडा में डेंगू के मामले बढ़कर 260 हुए, स्वास्थ्य विभाग चिंतित

नोएडा में डेंगू के मामले 260 तक पहुंच गए। स्वास्थ्य विभाग ने गलत जानकारी देने पर चिंता व्यक्त की और सही जानकारी दर्ज करने की अपील की।

नोएडा में डेंगू के मामले बढ़कर 260 हुए स्वास्थ्य विभाग चिंतित
नोएडा सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को डेंगू के 19 नए मामले सामने आए हैं, जिसके साथ ही मरीजों की कुल संख्या 260 के पार पहुंच गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक सभी मरीज स्वस्थ हैं और किसी गंभीर स्थिति की सूचना नहीं है।

 

गलत पता और मोबाइल नंबर से बढ़ी परेशानी

स्वास्थ्य विभाग की मानें तो कई मरीजों ने टेस्ट कराते समय अपना घर का पता और मोबाइल नंबर गलत दर्ज कराया है। इससे एंटी-लार्वा छिड़काव और निगरानी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. श्रुति कृति वर्मा ने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों से सही जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही जिला अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और टेस्ट सेंटरों को निर्देशित किया गया है कि रक्त जांच के दौरान मरीजों का आधार कार्ड, सही पता और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करें।

 

आरडब्ल्यूए से मांगा सहयोग

डॉ. वर्मा ने कहा कि डेंगू पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग अकेले काम नहीं कर सकता। इसलिए नोएडा की सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों से सहयोग मांगा गया है ताकि एंटी-लार्वा छिड़काव और साफ-सफाई की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अपील

जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति में डेंगू या मलेरिया के लक्षण दिखते हैं तो वह तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करे और जिला अस्पताल में इलाज कराए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को गलत जानकारी उपलब्ध कराने से बचें, क्योंकि इससे रोकथाम के प्रयास प्रभावित होते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका साफ-सफाई है। पानी जमा न होने दें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और शरीर को ढककर रखें।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें