Thursday, June 04, 2026 08:30:42 PM

IPL 2026: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर पुनर्विचार
सूर्यकुमार यादव की टी20 कप्तानी पर संकट, चयनकर्ताओं के सामने बड़ा सवाल

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले सूर्यकुमार यादव की टी20 कप्तानी पर संशय बढ़ गया है। खराब फॉर्म के बीच चयनकर्ताओं को टीम नेतृत्व और भविष्य को लेकर अहम फैसला लेना है।

सूर्यकुमार यादव की टी20 कप्तानी पर संकट चयनकर्ताओं के सामने बड़ा सवाल
IPL 2026: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर पुनर्विचार |

आईपीएल 2026 के समापन के बाद भारतीय क्रिकेट में बड़े बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विशेष रूप से भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का भविष्य चर्चा का केंद्र बना हुआ है। हाल ही में समाचार एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया था कि खराब फॉर्म के कारण सूर्यकुमार यादव की टी20 कप्तानी पर पुनर्विचार किया जा सकता है। इसके बाद से उनके भविष्य को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है।

भारतीय टीम को इस महीने के अंत में आयरलैंड दौरे पर दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। इन दौरों के लिए टीम चयन को लेकर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति की बैठक प्रस्तावित है। चयनकर्ताओं को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा सितंबर 2026 में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी टीम का चयन करना है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, चयन समिति, बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट ने हेड कोच गौतम गंभीर के साथ भारतीय टीम के भविष्य और नेतृत्व को लेकर चर्चा की है। एक बीसीसीआई अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जरूर जीता, लेकिन उनके मौजूदा फॉर्म और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मैनेजमेंट को लगा कि अब आगे बढ़ने का सही समय आ गया है। उन्हें अब आगे नहीं चुना जाएगा और इस फैसले की जानकारी जल्द ही सूर्या को दे दी जाएगी।"

हालांकि, बीसीसीआई की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में कप्तानी को लेकर अंतिम फैसला चयन बैठक के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सूर्यकुमार यादव का हालिया बल्लेबाजी प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा है। पिछले कुछ समय से वह उस लय में नजर नहीं आए हैं जिसके लिए उन्हें टी20 क्रिकेट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज माना जाता है। आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। हालांकि उन्होंने सीजन के आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में वह लगातार संघर्ष करते दिखाई दिए।

गौरतलब है कि भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज में आयोजित टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। उस जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान सौंपी गई थी। अब चयनकर्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगामी टी20 विश्व कप के खिताब की रक्षा करने वाली टीम का नेतृत्व सूर्यकुमार यादव को ही सौंपा जाए या फिर टीम को नए कप्तान के साथ आगे बढ़ाया जाए।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चयन के साथ ही इस बहस पर भी विराम लगने की उम्मीद है, जिस पर फिलहाल भारतीय क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें