फीफा विश्व कप 2026: स्टेडियम में बोतलों पर रोक |
फीफा विश्व कप 2026 के दौरान मैच देखने आने वाले दर्शकों को स्टेडियम के अंदर री-यूजेबल (दोबारा इस्तेमाल होने वाली) पानी की बोतलें ले जाने की अनुमति नहीं होगी। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले FIFA ने अपने स्टेडियम कोड ऑफ कंडक्ट में बदलाव करते हुए यह नया नियम लागू किया है। यह निर्णय खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इससे पहले FIFA की गाइडलाइन में खाली और पारदर्शी प्लास्टिक री-यूजेबल बोतलों को स्टेडियम में ले जाने की अनुमति थी। हालांकि, 2 जून से प्रभावी नए नियमों के तहत ऐसी बोतलों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा कप, जार, कैन और अन्य प्रकार के कंटेनरों को भी स्टेडियम के भीतर ले जाने की इजाजत नहीं होगी। FIFA का कहना है कि इन वस्तुओं का इस्तेमाल फेंकने की स्थिति में खिलाड़ियों या अन्य लोगों को चोट पहुंचा सकता है।
FIFA ने एक बयान में कहा कि वह खिलाड़ियों, रेफरी, प्रशंसकों, स्वयंसेवकों और कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। संगठन के अनुसार, बोतलों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला संभावित जोखिम और चोटों को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस फैसले के बाद प्रशंसकों के बीच चिंता भी बढ़ी है, क्योंकि टूर्नामेंट के दौरान कुछ मेजबान शहरों में तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में दर्शकों को पानी की उपलब्धता और गर्मी से बचाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। FIFA ने स्पष्ट किया है कि मेजबान शहरों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हीट मैनेजमेंट की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत स्टेडियमों के आसपास हाइड्रेशन स्टेशन, मिस्टिंग स्टेशन, कूलिंग टेंट और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
FIFA ने यह भी कहा है कि विश्व कप के दौरान स्टेडियम परिसर में बिकने वाले पानी की कीमतें संबंधित स्टेडियमों में आयोजित अन्य आयोजनों के अनुरूप ही रखी जाएंगी। गौरतलब है कि 48 टीमों वाला FIFA World Cup 2026 अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में 11 जून से 19 जुलाई तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे, जो विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा।