सुनील शेट्टी की नातिन इवारा पीएम मोदी की फैन |
बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी 15 महीने की नातिन इवारा को लेकर एक दिलचस्प बात साझा की है। उनका कहना है कि इवारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत मानती है और उन्हें लगभग दिव्य व्यक्तित्व की तरह देखती है।
एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने बताया कि उनकी नातिन के पास साईं बाबा की एक किताब है, जिसमें नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी है। इवारा उस तस्वीर को पहचानती है और बार-बार "मोदी जी" कहती है।
तस्वीर पर चढ़ाती है लड्डू
सुनील शेट्टी ने बताया कि जब घर में गणपति की पूजा होती है तो इवारा मंदिर से लड्डू उठाकर मोदी जी की तस्वीर के सामने रख देती है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने और न ही परिवार के किसी सदस्य ने उसे ऐसा करना सिखाया है।
उन्होंने कहा, "अगर कोई नेता मुझे प्रभावित करता है तो वह नरेंद्र मोदी हैं। मैं अपने देश से प्यार करता हूं और उनसे भी। मेरी 15 महीने की पोती किसी के दिखाने के बाद से मोदी जी को पहचानती है। वह उनकी तस्वीर के सामने लड्डू रखती है। हमने उसे कभी ऐसा करने के लिए नहीं कहा। कुछ तो खास बात है, वह अकेली बच्ची नहीं है जो ऐसा महसूस करती है।"
नातिन के साथ बिताते हैं खास समय
सुनील शेट्टी ने अपनी दिनचर्या के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि वह रोज सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक जिम में समय बिताते हैं। इसके बाद घर लौटकर अपनी नातिन इवारा के साथ वक्त बिताते हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी का यह सबसे खुशहाल दौर है। काम में व्यस्त रहने के बावजूद वह हमेशा घर लौटकर अपनी "घर की लक्ष्मी" इवारा के साथ समय बिताने का इंतजार करते हैं।
मार्च में मनाया गया इवारा का पहला जन्मदिन
सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी और दामाद केएल राहुल ने 24 मार्च को अपनी बेटी इवारा का पहला जन्मदिन मनाया था। इस मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया पर सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें साझा की थीं। हालांकि, उन्होंने तस्वीरों में इवारा का चेहरा नहीं दिखाया। सजावट और केक पर "इवारा का पहला जन्मदिन" लिखा हुआ था।
बता दें कि अथिया शेट्टी और केएल राहुल ने जनवरी 2023 में खंडाला स्थित सुनील शेट्टी के फार्महाउस में निजी समारोह में शादी की थी।