सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। नोएडा के स्टेलर ग्रीन पार्क में टहलने गई एक 19 वर्षीय युवती के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी युवक मुकुल के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-45 स्थित सदरपुर कॉलोनी की गली नंबर 18 निवासी युवती ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि मुकुल नामक युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। वह उसका पीछा करता और धमकाता था कि वह किसी और से बात न करे।
पार्क में की अश्लील हरकत
पीड़िता के अनुसार, जब वह स्टेलर ग्रीन पार्क में टहल रही थी, तभी आरोपी मुकुल वहां पहुंच गया। उसने पीछे से युवती की पीठ पर हाथ मारा और गलत नीयत से पेड़ों के पीछे खींचने की कोशिश की। युवती ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर पार्क में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गया।
शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता बुरी तरह सहम गई और घर से बाहर निकलना बंद कर दिया। उसकी मां ने हिम्मत देकर उसे थाने ले जाकर शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उसे शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।