वाहन को सीज करते परिवहन विभाग के अधिकारी | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शुक्रवार देर रात ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीम ने सेक्टर-142, नॉलेज पार्क और बादलपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 13 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा और चालान किया। इन वाहनों पर 8.80 लाख रुपये प्रशमन शुल्क वसूला गया।
अब तक 756 वाहनों का चालान
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि चालान किए गए वाहनों को निरुद्ध भी किया गया है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक विभाग ने 756 वाहनों का चालान किया है और 506 वाहनों को निरुद्ध किया है। इस कार्रवाई से अब तक करीब 3.28 करोड़ रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया है।
सड़क सुरक्षा पर जोर
अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं बल्कि सड़क की स्थिति को भी तेजी से खराब करते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे वाहनों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।