घायल अपराधी को अस्पताल ले जाती पुलिस | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन से एक दिन पहले शुक्रवार रात नोएडा पुलिस ने अपराधियों पर बड़ा प्रहार किया। महज कुछ घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में चार मुठभेड़ हुईं, जिनमें चार बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल होकर पकड़े गए। इनमें एक 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। हालांकि, एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की यह कार्रवाई नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई।
पहला एनकाउंटर – सेक्टर-126
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद के अनुसार, थाना सेक्टर-126 पुलिस पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में बदमाश रवि रंजन कुमार उर्फ बहादुर बादशाह (37), निवासी ग्राम सुन्दरा, थाना रोह, जिला नवादा (बिहार) को पैर में गोली लगने से घायल कर पकड़ लिया गया।
दूसरा एनकाउंटर – फेस-1 थाना क्षेत्र
सेक्टर-14 के नाले की पटरी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। वे बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगे, जिससे उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पीछे बैठे युवक दानिश (30) ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दानिश घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। दानिश पर नोएडा के विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तीसरा एनकाउंटर – सेक्टर-24
आरटीओ के पीछे गंदा नाले के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार निखिल उर्फ वीराना उर्फ नितिन (24), निवासी कलंदर कॉलोनी, थाना दिलशाद गार्डन, दिल्ली, को पैर में गोली मारकर दबोच लिया। आरोपी पर दिल्ली के अलग-अलग थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चौथा एनकाउंटर – सेक्टर-58
थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में चौकी एनआईबी के पास चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद अजय ईश्वर (25), निवासी जे ब्लॉक, न्यू सीलमपुर, दिल्ली, को घायल कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का सख्त रुख
डीसीपी यमुना प्रसाद ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज होगा। फरार अपराधी की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।