सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। थाना फेज-तीन क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शादीशुदा महिला को बहला-फुसलाकर पहले धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर निकाह कर लिया गया। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निजी कंपनी में नौकरी करती थी पीड़िता
जानकारी के मुताबिक पीड़िता नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। काम के दौरान उसकी पहचान गाजियाबाद के बहरामपुर निवासी राजा मियां उर्फ एहसान से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसके बाद राजा महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
जबरन कराया धर्म परिवर्तन और निकाह
शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया कि 1 मई को राजा ने महिला का जबरन धर्म परिवर्तन कराया और स्वयं को महिला के माता-पिता व भाई के रूप में दर्शाकर निकाह किया। इस दौरान महिला पर लगातार धमकियां और दबाव बनाए रखा गया। गौरतलब है कि पीड़िता का अभी तक अपने पति से तलाक नहीं हुआ है और उसका एक छह वर्षीय बेटा भी है।
चेन्नई से बरामद हुई महिला
महिला के परिजनों ने न्यायालय में याचिका दायर की, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पुलिस ने पीड़िता को चेन्नई से सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल महिला को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने इस मामले में राजा मियां उर्फ एहसान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।