Tuesday, March 10, 2026 12:02:27 PM

भीषण आग से फैक्ट्री राख
नोएडा फेस-2 में आग: मोमबत्ती और अगरबत्ती फैक्ट्री का लाखों का सामान जलकर राख

नोएडा की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।

नोएडा फेस-2 में  आग मोमबत्ती और अगरबत्ती फैक्ट्री का लाखों का सामान जलकर राख
मंगलवार सुबह तक बेसमेंट की आग बुझाते फायर डिपार्टमेंट के जवान | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना फेस-2 क्षेत्र में सोमवार देर रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। यह फैक्ट्री मोमबत्ती और अगरबत्ती बनाने का काम करती है। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते फैक्ट्री का बेसमेंट लपटों से घिर गया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

 

देर रात फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार देर रात अचानक धुएं का गुबार उठने लगा। थोड़ी ही देर में आग इतनी भीषण हो गई कि आस-पास के लोग भी दहशत में आ गए। तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सीएफओ गौतमबुद्ध नगर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए आठ दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। आग इतनी तेज थी कि बेसमेंट में रखा अधिकतर सामान जलकर राख हो गया।

 

राहत की बात – कोई जनहानि नहीं

अधिकारियों के अनुसार हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। समय रहते कर्मचारियों और आस-पास मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, आग से फैक्ट्री मालिक को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। दमकल विभाग का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।

 

औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ी चिंता

इस हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले व्यापारी और कारोबारी भी चिंतित हैं। आग की घटनाओं को रोकने के लिए दमकल विभाग लगातार फैक्ट्रियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह देता रहा है। लेकिन हादसा यह सवाल भी खड़ा करता है कि क्या फैक्ट्री मालिक सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें