सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के भीतर आठ किशोरियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। सभी घटनाएं संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हैं। परिजनों ने पुलिस से बेटियों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है और कुछ मामलों में अज्ञात या नामजद युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
पहला मामला: जिला अस्पताल से लापता 11 वर्षीय बच्ची
थाना सेक्टर-39 प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, सलारपुर गांव निवासी विनीता पत्नी कुलदीप ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह शनिवार को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ अल्ट्रासाउंड कराने आई थी। अल्ट्रासाउंड करवाने के दौरान उसने बेटी को बेंच पर बैठा छोड़ा था, लेकिन लौटने पर बच्ची वहां से गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा मामला: छपरौला की 15 वर्षीय किशोरी गायब
थाना बादलपुर क्षेत्र में छपरौला निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 24 सितंबर की शाम घर से बिना बताए चली गई और अब तक वापस नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरा मामला: फेस-3 क्षेत्र से लापता 14 वर्षीय बच्ची
थाना फेस-3 क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि 15 सितंबर से उसकी 14 वर्षीय बेटी घर से गायब है। परिजनों ने रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
चौथा मामला: सेक्टर-126 क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी लापता
थाना सेक्टर-126 प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान के अनुसार, 27 सितंबर की रात एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह उठने पर उसने पाया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी घर से गायब है। महिला ने एक युवक पंकज पुत्र मनोज पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है।
पांचवां मामला: रबूपुरा क्षेत्र से अपहरण
थाना रबूपुरा क्षेत्र में ग्राम आकुलपुर निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि तीन युवकों — हिमांशु, दीपक और वंश त्यागी — ने उसकी 17 वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया। पीड़ित के अनुसार, 27 सितंबर को उसकी बेटी मंदिर पूजा करने गई थी, तभी रास्ते में आरोपियों ने कार में बैठाकर उसे ले गए।
छठा मामला: बादलपुर में दूसरी किशोरी लापता
थाना बादलपुर में ही बिहार के मधुबनी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी 21 सितंबर से घर से लापता है। उसने कई दिनों तक तलाश करने के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सातवां मामला: बीटा-दो क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोरी गायब
थाना बीटा-दो प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सेक्टर-36 निवासी व्यक्ति की 16 वर्षीय बेटी घर से गायब हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आठवां मामला: बिसरख से 14 वर्षीय किशोरी लापता
थाना बिसरख क्षेत्र के प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी 14 वर्षीय बेटी घर से लापता है। परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें की गई गठित
सभी मामलों में पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। थाना प्रभारी अधिकारियों के अनुसार, किशोरियों की तलाश के लिए साइबर टीमों की मदद ली जा रही है और संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
लगातार आठ किशोरियों के लापता होने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिजन पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और कई परिवारों ने प्रशासन से बेटियों की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।