Monday, March 16, 2026 11:26:04 AM

दो संदिग्ध मौतें नोएडा में
पार्क में बुजुर्ग का शव मिलने और महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप, डेंगू पर शक

नोएडा में बुजुर्ग और महिला की संदिग्ध मौतें हुईं। परिजनों ने महिला की मौत को डेंगू से जोड़ा। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच में लगे हुए हैं।

पार्क में बुजुर्ग का शव मिलने और महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप डेंगू पर शक
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। जिले में एक ही दिन में दो अलग-अलग संदिग्ध मौतों से सनसनी फैल गई। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सदरपुर कॉलोनी के पास स्थित एक पार्क से 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ, जबकि थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की छीजारसी कॉलोनी में रहने वाली 35 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के परिजन इसे डेंगू से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

 

पार्क में मिला बुजुर्ग का शव

थाना सेक्टर-39 प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कृपाल (65 वर्ष), पुत्र बाबूराम, निवासी जनपद संत कबीर नगर के रूप में हुई है। उसका शव सदरपुर कॉलोनी के पास डिफेंस एंक्लेव पार्क में मिला। मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के चलते शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

 

छीजारसी कॉलोनी में महिला की संदिग्ध मौत

वहीं दूसरी घटना थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की छीजारसी कॉलोनी की है। थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह के मुताबिक, मृतका की पहचान यशोदा देवी (35 वर्ष), पत्नी अमित कुमार के रूप में हुई है।
यशोदा देवी को गंभीर हालत में नोएडा के जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से डेंगू से पीड़ित थी और इसी बीमारी की वजह से उसकी जान गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

 

स्वास्थ्य विभाग सतर्क

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पिछले दिनों डेंगू और वायरल बुखार के मामलों में तेजी आई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सेक्टरों और कॉलोनियों में एंटी-लार्वा छिड़काव, साफ-सफाई और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें