क्राइम कंट्रोल बैठक करती सीपी लक्ष्मी सिंह | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध पर लगाम कसने के लिए पिछले डेढ़ साल में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। साल 2024 से लेकर अब तक पुलिस ने गुण्डा अधिनियम के तहत कुल 274 बदमाशों को जिला बदर किया है। हाल ही नोएडा पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों में यह दावा किया गया है कि गुंडा एक्ट के तहत यह कार्रवाई हुई है।
ज़ोनवार आंकड़े
ज्वाइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें तीनों ज़ोन में बड़ी कार्रवाई की गई है। ग्रेटर नोएडा ज़ोन से सर्वाधिक 124 बदमाश जिला बदर किए गए। सेंट्रल नोएडा ज़ोन से 95 बदमाश बाहर किए गए। नोएडा ज़ोन से 55 बदमाश जिला बदर किए गए।
अपराधियों में खौफ
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई अपराधियों पर कड़ा संदेश है कि नोएडा में गुंडागर्दी या संगठित अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिला बदर के बाद अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि वे किसी अन्य ज़ोन या जिले में अपराध न कर सकें। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। संगठित गिरोहों, नशा तस्करी, लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों में लिप्त लोगों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। लक्ष्य है कि आम जनता को सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण मिले।