Monday, March 16, 2026 11:25:57 AM

नोएडा में भीषण सड़क हादसे
नोएडा में तेज रफ्तार का कहर, बीते 28 घंटों में डंपर ने छीनी दो जिंदगियां, कई लोग गंभीर घायल

नोएडा में लापरवाह वाहन चालकों की वजह से हुई तीन दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

नोएडा में तेज रफ्तार का कहर बीते 28 घंटों में डंपर ने छीनी दो जिंदगियां कई लोग गंभीर घायल
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों ने सड़क को मौत का मैदान बना दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन बड़ी दुर्घटनाओं में जहां दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।


 

पहली घटना: डंपर ने ली दो की जान

थाना बिसरख क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव के पास बड़ा हादसा हुआ। साधना देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति प्रदीप यादव और बड़े भाई कार्तिक कुमार (निवासी मधुबनी, बिहार) स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पुलिस चौकी के निकट पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।


 

दूसरी घटना: एक्सप्रेसवे पर डंपर ने कार को रौंदा

थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में भी डंपर चालक की लापरवाही ने चार लोगों की जान खतरे में डाल दी। आरित सिंह अपनी पत्नी रंजना सिंह, दोस्त रूपाली मित्रा और अर्जुन जैन के साथ मारुति ग्रैंड विटारा कार से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक ने ब्रेक नहीं लगाया और कार को काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद चालक ट्रक से कूदकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को फेलिक्स अस्पताल पहुंचाया गया। अर्जुन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई, जबकि रंजना और रूपाली की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।


 

तीसरी घटना: सेक्टर-18 में युवक घायल

थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे के पास भी एक युवक कुश (पुत्र प्रीतम) हादसे का शिकार हो गया। गंभीर रूप से घायल कुश को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


 

लापरवाह ड्राइविंग पर उठे सवाल

इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने प्रशासन की कार्यशैली और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात होते ही भारी वाहन तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ते हैं और पुलिस नियंत्रण नाम मात्र का रह जाता है। रोजा जलालपुर और एक्सप्रेसवे क्षेत्र के निवासियों ने मांग की है कि डंपर और ट्रक संचालन पर सख्ती की जाए तथा दोषी चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।


 

पुलिस की कार्रवाई

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार डंपर चालकों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें