नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण और निर्माण कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में 26 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। मामला शाहपुर गोवर्धनपुर गांव का है, जहां प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर भूमाफिया लगातार कब्जे की कोशिश कर रहे थे।
नोटिस के बाद भी नहीं रुका निर्माण
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि शाहपुर गोवर्धनपुर गांव की जमीन पहले से ही अधिसूचित है और यह नोएडा प्राधिकरण की अर्जित भूमि में आती है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा यहां पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। वर्क सर्कल-9 के प्रभारी हरेंद्र मलिक ने कहा कि कई बार नोटिस जारी करने और मौखिक चेतावनी देने के बावजूद भी भूमाफिया बाज नहीं आए। देर रात चोरी-छिपे वहां निर्माण कार्य चलता रहा।
एफआईआर दर्ज, आगे की कार्रवाई शुरू
जब स्थिति बेकाबू होती दिखी तो प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए थाना सेक्टर-126 में 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया कि यह लोग संगठित तरीके से सरकारी जमीन पर कब्जा करने और नियमों की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य कर रहे थे।
सख्त संदेश: अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं
नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई भूमाफियाओं के लिए एक कड़ा संदेश है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने या अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने साफ किया कि न केवल मुकदमा दर्ज होगा बल्कि जल्द ही अवैध ढांचों को गिराकर भूमि को मुक्त भी कराया जाएगा।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
स्थानीय लोगों से प्राधिकरण को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग गांव में देर रात निर्माण कर रहे हैं। मौके पर जांच में भी यह तथ्य सही पाया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह मामला केवल अतिक्रमण का ही नहीं बल्कि कानून व्यवस्था और सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।