नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब लाने से मना करने पर मकान मालिक ने अपने किरायेदार के बेटे को छत से धक्का दे दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता राजेश कुमार अपने परिवार के साथ सदरपुर कॉलोनी में किराए पर रहता है। बीते दिनों रात करीब 10 बजे मकान मालिक लोकेश ने उसके बेटे शिवम से शराब लाने को कहा। जब शिवम ने इनकार किया तो लोकेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और उसे छत से धक्का दे दिया।
अस्पताल में भर्ती, देर से दर्ज हुई एफआईआर
गंभीर रूप से घायल शिवम को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पिता राजेश कुमार ने बताया कि वह बेटे के इलाज में व्यस्त रहे, जिसके कारण एफआईआर दर्ज कराने में देर हुई। अब जब शिवम की हालत कुछ बेहतर है, उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी मकान मालिक लोकेश व उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।