Monday, March 16, 2026 11:26:23 AM

दहेज उत्पीड़न और मारपीट के मामले
नोएडा-ग्रेटर नोएडा: दो विवाहिताओं के साथ मारपीट और उत्पीड़न, दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दो महिलाओं के साथ उनके पति और ससुरालीजनों द्वारा दहेज के लिए मारपीट और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा दो विवाहिताओं के साथ मारपीट और उत्पीड़न दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दो अलग-अलग विवाहिताओं के साथ मारपीट और उत्पीड़न के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

सेक्टर-58: दहेज में 50 लाख और कार की मांग

थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की एक महिला कीर्ति सिंह ने अपने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसकी शादी वर्ष 2024 में डॉ. रोहित कुमार सिंह से हुई थी। आरोप है कि पति रोहित, ससुर अरुण कुमार सिंह, सास गीता सिंह, ननद रश्मि सिंह और पूजा सिंह शादी के बाद से ही दहेज में 50 लाख रुपये और एक कार की मांग कर रहे थे। पीड़िता के मुताबिक मांग पूरी न होने पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिसमें उसका एक दांत टूट गया और अन्य गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 

 

ईकोटेक-3: पति ने किया हमला, चाकू मारने की कोशिश

वहीं, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के कुलेसरा गांव में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर मानसिक उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता धनी देवी, मूल निवासी चंपावत (उत्तराखंड), अपने पति गोपाल रावत के साथ किराए के मकान में रहती है। महिला का कहना है कि उसका पति आए दिन मारपीट करता है और हाल ही में उसने चाकू मारने की कोशिश भी की। पीड़िता के चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िताओं के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें