नोएडा। फोर्टिस अस्पताल में भर्ती रही निक्की की मौत के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और गहन कर दिया है। ताजा घटनाक्रम में पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टर और नर्स के बयान दर्ज किए हैं, जिन्होंने निक्की के अस्पताल पहुंचने के बाद की स्थिति और उसके खुद के बयानों की जानकारी दी है।
डॉक्टर-नर्स ने कही अहम बात
डॉक्टर और नर्स ने पुलिस को बताया कि जब निक्की को अस्पताल लाया गया, वह गंभीर रूप से झुलसी हुई थी, लेकिन होश में थी और बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि निक्की ने खुद बताया था कि उसके घर में सिलेंडर फटने से आग लगी थी और इसी वजह से वह जल गई।
पुलिस ने देखा अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज
जांच को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला। फुटेज में दिखा कि पड़ोस का युवक देवेंद्र अपनी गाड़ी से निक्की को अस्पताल लेकर आया था। गाड़ी में निक्की के सास-ससुर भी मौजूद थे। वहीं फुटेज में कंचन का पति रोहित भी नजर आया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई मौत की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि निक्की की मौत जलने से हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, वह लगभग 80 फीसदी तक झुलस चुकी थी, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई थी और अंततः उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग वास्तव में सिलेंडर फटने से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। परिवार के बयान, घटनास्थल की फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।