Tuesday, August 12, 2025 03:18:50 PM

IAS अधिकारी पर गंभीर आरोप
नोएडा में तैनात वरिष्ठ IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारियों का शोषण और उत्पीड़न का आरोप, जांच के आदेश

नोएडा के वरिष्ठ IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारियों ने यौन उत्पीड़न, मानसिक शोषण के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद जांच शुरू।

नोएडा में तैनात वरिष्ठ ias अधिकारी पर महिला कर्मचारियों का शोषण और उत्पीड़न का आरोप जांच के आदेश
वरिष्ठ IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारियों का शोषण और उत्पीड़न का आरोप | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। नोएडा स्थित राज्य कर विभाग में तैनात एक वरिष्ठ IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एडिशनल कमिश्नर के पद पर कार्यरत इस अधिकारी पर महिलाओं ने अमानवीय व्यवहार, मानसिक शोषण और यौन उत्पीड़न तक के संगीन आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद शासन ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

शासन के उच्चपदस्थ सूत्रों ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस संबंध में एक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनसे गुलामों जैसा व्यवहार करते हैं, गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और धमकाते हैं कि “मेरी बात नहीं मानोगी तो नौकरी से हाथ धो बैठोगी।”

महिला अधिकारियों के मुताबिक, बीते चार महीनों से उनका उत्पीड़न हो रहा है। आरोप है कि अधिकारी उन्हें अपने कमरे में बुलाकर घंटों खड़ा रखते हैं, घूरते हैं, रात में फोन और वीडियो कॉल करते हैं, यहां तक कि चोरी-छिपे वीडियो भी बनाते हैं। विरोध करने वाली महिला कर्मचारियों को फर्जी मामलों में फंसाकर सस्पेंड कराने की धमकी भी दी जाती है।

पीड़ित महिलाओं ने पत्र में लिखा कि सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों से महिला सशक्तीकरण की बात करती है, लेकिन विभाग में एक वरिष्ठ अधिकारी महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या राज्य महिला आयोग से कराई जाए।

इस शिकायत ने विभाग में हलचल मचा दी है, खासकर तब जब हाल ही में राज्य कर विभाग के सात अधिकारियों को महिला उत्पीड़न के आरोप में सस्पेंड किया गया था। अब नए मामले ने एक बार फिर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें