श्रद्धांजलि समारोह में शोक व्यक्त करते डिप्टी सीएम | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक सोमवार को जिले के कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, समाज सेवा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
विद्यार्थियों से की बातचीत
अपने कार्यक्रम की शुरुआत डिप्टी सीएम ने सेक्टर-141 स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़ी शाहदरा से की। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षा की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया। उन्होंने बच्चों को मेहनत और अनुशासन के महत्व के बारे में प्रेरित किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हुए शामिल
इसके बाद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, रोहित सहाय की पूज्य माताजी स्वर्गीय प्रोफेसर शैली सहाय जी के त्रयोदशी संस्कार में सम्मिलित हुए और परिवार को ढांढस बंधाया।
गौशाला का निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री ने इसके बाद श्री कृष्णा मां जालपा भवानी गौशाला संस्थान, नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) का निरीक्षण किया। उन्होंने गायों को चारा खिलाकर सेवा का पुण्य प्राप्त किया। इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की तैयारियों की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री ने डीएम मेधा रूपम के साथ आगामी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं, इसलिए अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का विशेष पैविलियन
इस बार ट्रेड फेयर में स्वास्थ्य विभाग का विशेष पैविलियन भी लगाया जाएगा। इसमें राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
नोडल अधिकारी डॉ. चंदन सोनी ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। यहां लोगों को आयुष्मान भारत योजना और अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी और जागरूकता प्रदान की जाएगी।
डिजिटल एक्स-रे व सीटी स्कैन मशीन की शुरुआत
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) पहुंचे। इस दौरान उनके साथ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, GIMS के निदेशक, सीएमओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने अस्पताल परिसर में डिजिटल एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से अब मरीजों को बेहतर और तेज जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
मेडिकल कॉलेज व अस्पताल का निरीक्षण
इस मौके पर उन्होंने 56 एकड़ में बनने जा रहे मेडिकल कॉलेज और 100 बेड वाले अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मरीजों को मिलेगा उच्च स्तरीय इलाज
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीआईएमएस में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। जल्द ही यहां मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रेटर नोएडा और आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।