दिल्ली के चिड़ियाघर पर लगा नोटिस | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। दिल्ली के चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) के मामलों की पुष्टि के बाद गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संक्रमण की रोकथाम के लिए पशुपालन और वन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिले के सभी पोल्ट्री फार्म, वेटलैंड्स और प्रवासी पक्षियों के ठिकानों से सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं।
16 पोल्ट्री फार्मों से 226 नमूने लिए गए
अब तक जिले के 16 पोल्ट्री फार्मों से 226 नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। राहत की बात यह है कि प्रारंभिक जांच में किसी भी नमूने में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सभी नमूनों की अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है। विभाग ने लोगों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।
दिल्ली से नजदीकी के चलते बढ़ाई गई सतर्कता
नोएडा के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार संचान ने बताया कि नोएडा की भौगोलिक स्थिति दिल्ली से सटी हुई है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में संक्रमण के फैलने की आशंका को देखते हुए निगरानी और सतर्कता को उच्च स्तर पर रखा गया है।
संक्रमण रोकथाम के लिए प्रोटोकॉल लागू
जिले के सभी पशु चिकित्साधिकारियों, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारियों और वन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संक्रमण रोकथाम के प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें।